अमेरिका कोे नाराज कर इटली ने चीन से किया बड़ा समझौता
रोमः इटली ने शनिवार को चीन के साथ एक बड़ी डील कर अमेरिका को करारा झटका दिया है। जानकारी के अनुसार इटली ने चीन के वन बेल्ट-वन रोड (ओबीओआर) अभियान में शामिल होने के लिए समझौते (एमओयू) पर दस्तखत कर दिए हैं जिसके चलते चीन और इटली मिलकर अफ्रीका, यूरोप और अन्य महाद्वीपों में बंदरगाह, पुल और बिजलीघर का निर्माण करेंगे। इटली ने ये फैसला अमेरिका की आपत्ति की अनदेखी करते हुए किया है।
इटली की पूर्व और पश्चिम के व्यापार में प्राचीन काल से अहम भूमिका रही है। यूरोप में ओबीओआर अभियान का विस्तार होने से चीन का अब अमेरिका के साथ व्यापार युद्ध और तीखा होने के आसार हैं। अभी तक यूरोपीय यूनियन चीन की कंपनियों को लाभ पहुंचाने की चिनफिंग सरकार की गलत नीतियों से सशंकित रहा है। वह चीनी कंपनियों और वहां की सरकार के रुख को व्यापार की शर्तो के खिलाफ मानता है। यूरोपीय यूनियन के नेता ब्रसेल्स में चीन के गलत नीतियों वाले व्यापार की चुनौती से लड़ने के लिए रणनीति बना रहे हैं।