कोरबा से ज्योत्सना महंत कांग्रेस की उम्मीदवार
नीलू सोनी
रायपुरलोकसभा चुनाव के लिए सोमवार रात कांग्रेस ने 5 और भाजपा ने 4 उम्मीदवारों की सूची जारी की। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की 2, गोवा की 2 और दमन-दीव की 1 सीट पर उम्मीदवार की घोषणा की। भाजपा ने असम की 1, कर्नाटक की 2 और उत्तर प्रदेश की 1 सीट पर नाम तय किया है।छत्तीसगढ़ में बची हुईं दो लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने महिलाओं को मैदान में उतारा है। दुर्ग से जहां पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर को प्रत्याशी बनाया गया है, वहीं काेरबा से विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. चरणदास महंत की पत्नी ज्योत्सना महंत को टिकट दिया गया है। इन दोनों सीटों की घोषणा होने के साथ ही राज्य में सभी 11 लोकसभा सीटों की तस्वीर साफ हो गई है। भाजपा अपने 11 प्रत्याशी पहले ही घोषित कर चुकी है।
ज्योत्सना और प्रतिमा की पृष्ठभूमि सियासी, इसलिए टिकट
कोरबा में प्रत्याशी बनाई गईं ज्योत्सना महंत समाजसेवी संस्थाओं से जुड़ी हैं। वे डाॅ. चरणदास महंत की कोरबा सीट के चुनाव संचालन आैर प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे बिसाहूदास महंत की बहू हैं। दुर्ग में प्रतिमा चंद्राकर को विधानसभा चुनाव का टिकट लगभग तय था। लेकिन ऐन वक्त पर रणनीति बदली गई। इसी की भरपाई के तौर पर लोकसभा का टिकट मिला। कांग्रेस वरिष्ठ नेता एवं सीएम भूपेश बघेल के राजनीतिक गुरु वासुदेव चंद्राकर की बेटी हैं।
कांग्रेस-भाजपा में एक ही फाॅर्मूला
2 महिलाएं, 4 ओबीसी, 2 साहू और एक कुर्मी को दिया टिकट भाजपा और कांग्रेस ने टिकट वितरण में एक ही तरह का फार्मूला अपनाया। दोनों ही दलों ने जहां दो-दो महिला प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, वहीं चार-चार ओबीसी, जिसमें दो-दो साहू, एक-एक कुर्मी को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस की तरह भाजपा ने भी युवा और नए चेहरों को मैदान में उतारकर लोकसभा चुनाव का मुकाबला दिलचस्प बना दिया है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा बनाम कांग्रेस
सीट | भाजपा | कांग्रेस |
बस्तर | बैदूराम कश्यप | दीपक बैज |
कांकेर | मोहन मंडावी | बीरेश ठाकुर |
महासमुंद | चुन्नीलाल साहू | धनेन्द्र साहू |
रायपुर | सुनील सोनी | प्रमोद दुबे |
दुर्ग | विजय बघेल | प्रतिमा चंद्राकर |
राजनांदगांव | संतोष पांडेय | भोलाराम साहू |
बिलासपुर | अरुण साव | अटल श्रीवास्तव |
कोरबा | ज्योतिनंद दुबे | ज्योत्सना महंत |
रायगढ़ | गोमती साय | लालजीत राठिया |
सरगुजा | रेणुका सिंह | खेलसाय सिंह |
जांजगीर-चांपा | गुहाराम अजगले | रवि भारद्वाज |